रिलायंस ने 2021-22 में CSR गतिविधियों पर 1,185 करोड़ खर्च किए

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) ने बीते वित्त वर्ष 2021-22 में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों पर रिकॉर्ड 1,184.93 करोड़ रुपए की राशि खर्च की है।

कंपनी की ताजा सीएसआर रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी ने बीते वित्त वर्ष में महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में यह राशि खर्च की है।

रिपोर्ट कहती है ‎कि वित्त वर्ष 2021-22 में सामाजिक जिम्मेदारी (Social Responsibility) की पहल, स्वास्थ्य और समुदायों की बेहतरी कंपनी के एजेंडा में शीर्ष पर रही।

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष के दौरान उसने न केवल अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों, बल्कि आपात स्थिति के दौरान देशभर में लोगों की बेहतरी के लिए यह राशि खर्च की है।

रिलायंस ने राष्ट्र के समक्ष आ रही जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021-22 में रिलायंस ने जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सीएसआर गतिविधियों पर कुल 1,184.93 करोड़ रुपए की राशि खर्च की है।

कंपनी अपनी सीएसआर गतिविधियां का संचालन परमार्थ इकाई रिलायंस फाउंडेशन के जरिये करती है।

रिलायंस फाउंडेशन की प्रमुख नीता एम अंबानी (Nita M Ambani) हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते दो साल सेवा के थे।

2021 की शुरुआत काफी उम्मीदों के साथ हुई थी, लेकिन इस दौरान महामारी की दूसरी लहर के रूप में सबसे बड़ा संकट भी सामने आया, जिसने देश-दुनिया को बुरी तरह प्रभावित किया।

रिपोर्ट कहती है कि महामारी (Epidemic) के दौरान रिलायंस ने राष्ट्र के समक्ष आ रही जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया।

साथ ही समुदायों को महामारी से उबरने और सशक्त करने में भी मदद की। कंपनी ने कहा ‎कि यह सिर्फ सीएसआर के लिए नहीं था। बल्कि यह लोगों के जीवन, सपनों और भविष्य को बचाने के लिए था।

Share This Article